रवि के पक्ष में एकजुट होने लगा है लाहुल स्पिति भाजपा का कुनबा।

रवि के पक्ष में एकजुट होने लगा है लाहुल स्पीति भाजपा का कुनबा
केलांग भाजपा मंडल अध्यक्ष का दावा लाहुल पहुंचने पर रवि का होगा भव्य स्वागत
केलांग
विधानसभा उपचुनाव को लेकर लाहुल स्पीति भाजपा का कुनबा अब धीरे-धीरे रवि ठाकुर के पक्ष में एकजुट होता नजर आ रहा है। चुनाव के लिहाज से यह रवि ठाकुर के लिए बड़ी राहत की बात है। कांग्रेस के बागी विधायक को भाजपा का टिकट मिलने पर पहले लाहुल स्पीति भाजपा में हड़कंप मच गया था। पूर्व मंत्री डॉ मारकंडा की अगुवाई में टिकट आवंटन के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी से सामूहिक त्यागपत्र देने का ऐलान किया था। लेकिन अब लाहुल स्पीति भाजपा का कुनबा धीरे-धीरे एकजुट होकर रवि ठाकुर के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए मैदान में उतरने की तैयारी में है। इससे पहले जिला भाजपा अध्यक्ष राजेंद्र बौद्ध ने भी टिकट आवंटन को लेकर भाजपा हाई कमान के निर्णय का स्वागत किया है। अब केलांग भाजपा मंडल अध्यक्ष सूरज ठाकुर भी रवि ठाकुर के पक्ष में उतर आए हैं। मीडिया को जारी बयान में सूरज ठाकुर ने कहा कि 6 तारीख को भाजपा स्थापना दिवस के दिन रवि ठाकुर का लाहुल स्पीति में भव्य स्वागत किया जाएगा और इसके साथ ही चुनाव प्रचार अभियान शुरू कर दिया जाएगा। रवि ठाकुर के पक्ष में भाजपा का कुनबा एकजुट होने से मारकंडे की परेशानी बढ़ सकती है। हालांकि भाजपा उदयपुर मंडल ने अभी तक रवि ठाकुर के पक्ष में चुनाव प्रचार को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है। इससे पहले लाहुल स्पीति भाजपा के पुराने कार्यकर्ता रवि ठाकुर के पक्ष में मैदान में उतर चुके हैं। यह नेता और कार्यकर्ता मारकंडे के समय हाशिए पर चले गए थे। चुनाव के समय भाजपाइयों का इस तरह खुले आम रवि ठाकुर के पक्ष में उतरना भारतीय जनता पार्टी के साथ रवि ठाकुर के लिए भी राहत की बात है। लाहुल स्पीति भाजपा अध्यक्ष राजेंद्र बौद्ध का कहना है कि पूर्व मंत्री डॉ मारकंडा भाजपा छोड़ने के अपने फैसले पर पुनर्विचार करें। राजेंद्र बौद्ध ने कहा कि लाहुल स्पीति भाजपा पार्टी हाई कमान के आदेश पर भाजपा प्रत्याशी रवि ठाकुर के लिए चुनाव प्रचार में एकजुट होकर काम करेगी। हालांकि रवि ठाकुर को लेकर लाहुल स्पीति में कुछ एक हिस्सों में लोगों के भीतर नाराज़गी जरूर है। भाजपा के वरिष्ठ नेता अजीत सिंह ने कहा कि लाहुल स्पीति भाजपा कार्यकर्ता पार्टी प्रत्याशी रवि ठाकुर की जीत के लिए दिन-रात मेहनत करेंगे। इससे पहले भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे जवाहर शर्मा भी रवि ठाकुर को अपना समर्थन दे चुके हैं। वहीं जिला भाजयुमो के पूर्व अध्यक्ष तंजिन करपा भी रवि ठाकुर के पक्ष में खड़े हैं। सूरज ठाकुर ने कहा कि 6 अप्रैल को पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर और रवि ठाकुर लाहुल दौरे पर पहुंच रहे हैं। भाजपा की स्थापना दिवस में एक कार्यक्रम आयोजित करने के बाद विधिवत रूप से रवि ठाकुर के पक्ष में चुनाव प्रचार अभियान को तेज किया जाएगा।

Leave a Comment

Recent Post

क्रिकेट लाइव स्कोर

Advertisements

You May Like This